tfy-banner-advt.jpg

Text of PM’s address at the Golden Jubilee Celebrations of Prashanti Kutiram in Bengaluru

Prime Minister’s Office

azadi ka amrit mahotsav

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 1:18PM by PIB Delhi

कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह, हम सबके मार्गदर्शक, श्री दत्तात्रेय होसबाले जी, एस-व्यासा के अध्यक्ष एच. आर. नागेंद्र जी, उपाध्यक्ष डॉक्टर आर नागरत्ना जी, कुलाधिपति एच. आर. दयानंद स्वामी जी, कुलपति मंजूनाथ एन. के. जी, सांसद सी.एन. मंजूनाथ जी, साउथ कोरिया के मिरयांग शहर के मेयर, उपस्थित अन्य सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों!

आज बेंगलुरु में मुझे, योग की अद्भुत ऊर्जा को अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। कर्नाटक की ये धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। योग से जुड़े कितने ही आचार्यों और विद्वानों ने यहाँ जन्म लिया है, और, योग की परंपरा को समृद्ध भी किया है। हम सब जानते हैं, कन्नड़ सिनेमा के महान कलाकार डॉ. राजकुमार जी, ऐसे योगाभ्यासी लोग भी यहाँ हुये हैं, जिन्होंने कलाजगत के साथ ही योग की भी सेवा की है।

साथियों,

कर्नाटक की इस महान विरासत के बीच, प्रशांति कुटीरम् के 50 वर्षों की यात्रा, सेवा और समर्पण की ऐसी अद्भुत और अभूतपूर्व गाथा है, जिसे हर भारतीय को जानना चाहिए। किस तरह एक साधारण सा योग केंद्र, इतने बड़े मूवमेंट में बदल गया, ये अपने आप में एक प्रेरणा है।

साथियों,

आज इस अवसर पर यहाँ कई नई सुविधाओं की शुरुआत भी हुई है। मैं इन प्रयासों के लिए भी एस-व्यासा परिवार को शुभकामनाएँ देता हूँ। मैं आप सभी को, और प्रशांति कुटीरम् से जुड़े लाखों साधकों को गोल्डन जुबली की भी बधाई देता हूँ।

साथियों,

प्रशांति कुटीरम् की गोल्डन जुबली के साथ ही, इस वर्ष हम श्रद्धेय एच. वी. शेषाद्रि जी की जन्मशताब्दी भी मना रहे हैं। मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। शेषाद्रि जी ने अपना पूरा जीवन ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को आगे बढ़ाने में लगाया। वे जानते थे कि अगर देश को सफलता के शिखर पर लेकर जाना है, तो उसके लिए, समर्पित, सक्षम और अनुशासित नागरिक चाहिए। शेषाद्रि जी ने ऐसे ही लोगों को तैयार करने के लिए अपने आपको खपा दिया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में रहते हुये उन्होंने जो लक्ष्य साधे, आज भी करोड़ों स्वयं सेवक उससे प्रेरणा लेते हैं।

साथियों,

हम उनको याद करते हैं, तो मन में सबसे पहले उनकी सादगी भरी छवि उभरकर आती है। अभी दत्ता जी ने बड़े अच्छे शब्दों में उनकी सादगी का वर्णन भी किया है। इतना बड़ा व्यक्तित्व, इतना व्यापक अनुभव, और फिर भी, व्यवहार में इतनी विनम्रता! स्वयं पीछे रहकर दूसरों को आगे बढ़ाना, लोगों को जोड़ना, उन्हें देश के लिए तैयार करना, ये उनके जीवन की बड़ी साधना थी। बातचीत के दौरान अक्सर वो एक उदाहरण दिया करते थे। वो कहते थे कि हमें एक मां के व्यवहार से सीखना चाहिए। जैसे मां अपने बच्चे के लिए पूरी-पूरी रात जागकर भी उसकी सेवा करती है, उसे सहेजती है, उसके लिए बिना स्वार्थ के काम करती है, वैसे ही हम इस भावना को समाज के लिए विस्तार दे दें, तो समाज का कितना बड़ा लाभ होगा।

साथियों,

एक मां जैसी निष्चलता के साथ शेषाद्री जी, समाज की सेवा में जुटे रहे। और मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे निरंतर उनका स्नेह मिला, उनका मार्गदर्शन मिला। उनके साथ बिताए समय की स्मृतियां, उनकी बातें, आज भी मेरे लिए बहुत अनमोल हैं।

साथियों,

शेषाद्री जी की एक और बात मैं कभी भूल नहीं सकता। वो कहा करते थे कि यदि हम समाज को दोनों हाथों से देते हैं, तो समाज हमें लाखों हाथों से लौटाता है। मैंने स्वयं ने अपने जीवन में बार-बार इसे फलीभूत होते देखा है। जनता जनार्दन की सेवा करते हुए, जनता ने मुझे हमेशा अपना आशीर्वाद दिया है और ये मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है।

साथियों,

शेषाद्रि जी के परिवार में भी हमें इसी सेवा भावना के दर्शन होते हैं। डॉक्टर नागेंद्र जी और डॉक्टर नागरत्ना जी अपने कार्यों के जरिए उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। मैं उनके भी हर प्रयास की सराहना करता हूं, उनका भी अभिनंदन करता हूं।

साथियों,

जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब एक ओर लाखों स्वतन्त्रता सेनानी, आज़ादी की लड़ाई लड़ रहे थे, तो दूसरी ओर, स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्र ऋषि भी, जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया, भारत के युवाओं को योग का मार्ग दिखाया।

साथियों,

स्वामी विवेकानंद जी जैसे ऋषियों से मिली प्रेरणा ने, प्रशांति कुटीरम् जैसे संस्थानों को जन्म दिया। यहाँ योग को जन-जन से जोड़ने का अभियान ही नहीं चला, बल्कि, आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर नए शोध भी हुये। यहाँ योग के practitioners ही नहीं बने, बल्कि, समाज के लिए trainers और philosophers भी यहां तैयार किए गए। ये टीचर्स, डॉक्टर्स और रिसर्चर्स, आज देश-दुनिया में योग के माध्यम से लोगों की सेवा कर रहे हैं। प्रशांति कुटीरम् से विकसित हुआ एस-व्यासा, योग शिक्षा, साइंटिफिक रिसर्च और हेल्थ सर्विसेस के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संस्थान बन चुका है। आपने योग के साथ-साथ आयुर्वेद, naturopathy, और modern medical science से जुड़ी facilities का एक holistic wellness ecosystem भी तैयार किया है। Stress से जुड़े challenges, लाइफ़स्टाइल से जुड़ी बीमारियाँ, इस दिशा में हुए रिसर्च वर्क से पूरे विश्व की सेवा हुई है। मैं इन प्रयासों के लिए प्रशांति कुटीरम् की सराहना करता हूँ।

साथियों,

पिछले 12 वर्षों में भारत, अपनी संस्कृति, अपनी पहचान और अपने ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ, और ये मैं जिम्मेदारी से बोल रहा हूं, पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रख रहा है। इसी का परिणाम है कि भारत की पहल पर अब पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाता है। योग दिवस के दिन ऑस्ट्रेलिया से लेकर अफ्रीका और अमेरिका तक, योग से जुड़े कार्यक्रम होते हैं। करोड़ों की संख्या में लोग इसमें हिस्सा लेते हैं। आज दुनिया के अनेक देशों में हमारा योग स्कूलों, संस्थानों और कार्यस्थलों तक पहुंच चुका है। अब जैसे सऊदी अरब, सऊदी अरब में योग को एक स्पोर्ट्स एक्टिविटी के रूप में मान्यता मिली है। वहां के खेल मंत्रालय ने योग को बढ़ावा देने के लिए भारत के आयुष मंत्रालय के साथ एक एग्रीमेंट किया है, समझौता किया है। विदेशी नागरिकों द्वारा योग को बढ़ावा देने के उदाहरण लगातार सामने आते हैं। और मुझे तो अनुभव है, मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, लंच के समय या डिनर के समय, मेरे साथ में जो बैठते हैं विदेश के मेहमान या उस विदेश के राष्ट्राध्यक्ष जो भी होते हैं, शायद ही कोई ऐसी लंच या डिनर होगा, जिसमें योग की चर्चा न हुई हो,  और पहले मुझे उन्हें समझाना पड़ता है, मैं योग एक्स्पर्ट नहीं हूं, मैं practitioner हूं, और फिर मैं उनको कहता था कि ऐसा-ऐसा लाभ होता है, और ढेर सारे सवाल पूछते हैं। और मैंने बहुत सारे विश्व नेता देखे हैं, जो कहते हैं कि मेरी पत्नी भारत साल में एक बार जाती है, योगा सिखती है, यहां योगा सीखाती है। मेरी बेटी योगा सिखती है, मेरी बेटी ने योगा के लिए अपने आपको समर्पित कर दिया है। दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्राध्यक्षों के परिवार में कोई न कोई व्यक्ति है, जो योगा से जुड़ा हुआ मिलता है। यानी योग के द्वारा भारत कहां-कहां पहुंच गया है। ऐसा लगता है योग भारत को जानने का एक प्रवेशद्वार बन चुका है। और मैंने देखा है कि विदेशी नागरिक, अगर मैं कतर का Royal Family कहूं, या अन्य भी, जो योग के प्रति पूरी तरह समर्पित है, और ऐसे अनेक लोगों को भारत ने पद्मश्री से सम्मानित करके उनका गौरव भी बढ़ाने का काम किया है।

साथियों,

दुनिया के लोगों का योग से परिचय बढ़ता है, तो भारत को जानने की उनकी उत्सुकता भी बढ़ती है। हमारी संस्कृति के प्रति, हमारे पारंपरिक ज्ञान के प्रति एक नया आकर्षण पैदा होता है। इससे भारत और दुनिया के बीच जुड़ाव का एक नया रास्ता खुलता है। और ये सब हम सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संभव हुआ है। अगर मैं आयुर्वेद की बात करूं, तो दुनिया के अलग-अलग देशों में 150 से ज्यादा आयुर्वेद प्रशिक्षण कोर्सेस को मान्यता दी गई है। आयुर्वेद के विस्तार में सहयोग के लिए दुनिया के 28 देशों के साथ MoU’s साइन किए गए हैं।

साथियों,

हमारा प्रयास है कि आयुर्वेद और योग का लाभ देश के हर नागरिक तक पहुंचे। और आज विश्व में हॉलिस्टिक हेल्थ केयर एक नई मूवमेंट बनी है। और उसके कारण आयुर्वेद और naturopathy  की तरफ एक सहज आकर्षण बना है। 

और साथियों,

जब चारों तरफ इतनी उत्कृष्टता और उत्कंठता है, तो योग के प्रचार-प्रसार के साथ ही, हमने आवश्यकता के अनुसार, कई नियमों में भी परिवर्तन किए हैं। भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे आयोजनों में भी योगासन के लिए नई जगह बनी है। ये बदलाव भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अभी पिछले दिनों एक अंतर्राष्ट्रीय योग स्पर्धा हुई अहमदाबाद में। और मैं हैरान था, मैं जब उजबेकिस्तान गया तो वो पूरी दुनिया में नंबर 1 लाए थे, और सारे जो winner थे, gold medalist उनको सबको उन्होंने इकट्ठा किया था, वहां के नागरिक। यानी चारों तरफ मैं जहां जाता हूं, देखता हूं, मिलता हूं, योगा चर्चा के केंद्र में बन गया है। और इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के भी रास्ते खुल गए हैं।

साथियों,

योग की तरह आयुर्वेद को भी भारत सरकार निरंतर प्रमोट कर रही है। हमारे देश में बहुत सी चीजें ऐसी होती है, जिस पर लोगों का ध्यान नहीं जाता है, अच्छे-अच्छे लोगों का भी नहीं जाता है जो लोग इन विषयों को पसंद करते हैं उनका भी नहीं जाता है। आजादी के इतने सालों के बाद देश में पहली एक अलग आयुष मंत्रालय बनाया गया है। हमने आयुर्वेद से जुड़ी रिसर्च और आयुर्वेद आधारित पेटेंट्स को प्रोत्साहन दिया है। और आज इसका भी परिणाम हमारे सामने है। भारत से आयुष और हर्बल उत्पादों का निर्यात, एक्सपोर्ट लगातार बढ़ रहा है। आयुष सेक्टर से जुड़ी इकॉऩॉमी लाखों करोड़ रुपये की हो चुकी है। हमारी टरमरिक, हल्दी,

जिसे पीढ़ियों से भारतीय परिवार अपने खान-पान और घरेलू परंपराओं में इस्तेमाल करते आए हैं, आज उसकी भी दुनिया में मांग बढ़ रही है। भारत का हल्दी कल्पना भर की सही मात्रा में एक्सपोर्ट हो रहा है आजकल। उसका निर्यात लगातार बढ़ा है। हमने हल्दी के उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात को नई शक्ति देने के लिए नेशनल टरमरिक बोर्ड भी बनाया है।

साथियों,

हमें अपने प्राचीन विज्ञान और आधुनिक शोधों का लाभ भी मानवता को देना है और  युवाओं के लिए इनसे जुड़े अवसरों को भी साकार करना है। इसके लिए, सरकार ने ई-आयुष वीजा की

सुविधा शुरू की है। इससे विदेशों से उपचार कराने भारत आने वाले लोगों को आसानी हो रही है। जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन, W.H.O. का ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा में रिसर्च और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

साथियों,

आज 140 करोड़ देशवासी एक साझा लक्ष्य लेकर के लगातार मेहनत कर रहे हैं। और, ये लक्ष्य है- विकसित भारत का निर्माण! और इस अभियान को वर्ल्ड बैंक की ताजा रिपोर्ट ने एक नई ऊर्जा दी है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते 12-13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय, ये आंकड़ा बहुत बड़ा है, करीब 50 करोड़ भारतीय भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। अब इन करोड़ों परिवारों के सामने बेहतर जीवन के नए अवसर हैं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, और अपने परिवार के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की संभावनाएं बढ़ी हैं। हमारा प्रयास है कि स्वस्थ जीवनशैली हर परिवार की प्राथमिकता बनें। और योग इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभा सकता है, और मैं हमेशा कहता हूं, योग से रोग में मुक्ति होती है और योग से भोग मुक्ति भी होती है। और इतना ही नहीं यह ज़ीरो कॉस्ट बजट वाला हेल्थ का सबसे बड़ा अक्षिर उपचार है। प्रशांति कुटीरम् इस योजना के अभियान का हिस्सा है, उनकी तरफ से भी कई नए प्रकल्प शुरू किए जा रहे हैं, उनका भी सहयोग रहता है। और बहुत सहयोग उनका काम में आता है, इसलिए मैं चाहूँगा कि आप अभी से नए लक्ष्यों के लिए रोडमैप बनाएं। अब मैं आया हूं तो कुछ काम नागेंद्र जी को देकर जाऊंगा। डॉ नागेंद्र जी ने वैसे भी अपने पत्र में मुझे लिखा है अभी थोड़े दिन पहले, कि वो स्वयं को पहले से ज्यादा युवा महसूस कर रहे हैं। और इसलिए, उनकी युवा ऊर्जा का लाभ प्रशांति कुटीरम् को भी मिलेगा, और देश को भी मिलेगा। लेकिन मैं चाहूंगा कि जब आप 75 साल के हो जाए प्रशांति कुटीरम् और तब देश विकसित भारत बन चुका होगा। तो आपको अभी से इस विकसित भारत को ध्यान में रखते हुए आपके अगले 25 साल कैसे होंगे, उसका प्लान बनाइए, और उसमें अब खप जाइए, ताकि आपका जो मार्ग है उस मार्ग से भी देश को सामर्थ्य मिले और विकसित भारत में आपकी 75 साल की यात्रा नेक्स्ट 25 इयर्स की यात्रा, वो भी एक सहायक बने। उस दिशा में आप लोग सोचे। इसी विश्वास के साथ मैं एक बार फिर आप सबको गोल्डन जुबली समारोह की बधाई देता हूं। मैं श्रद्धेय शेषाद्रि जी के चरणों में भी पुनः नमन करता हूँ। आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद!

***

MJPS/SS/ST/DK

(रिलीज़ आईडी: 2335747) आगंतुक पटल : 200

Source Link

The NewsHourhttps://www.thenewshour.org
The News Hour – Online News Media, providing the Latest and Credible news for Lakhs of people in India as well as abroad. The Online News Media provides the Latest & Real-time news on Business, Automobiles, Latest Useful Top News, Food & Travel, Health, Entertainment, Agriculture & Environment, Fashion & Lifestyle, Sports, Events…etc. The News Hour – Online News Media, has always brought useful news and analysis to the doorstep of the Industry through its exclusive content, updates, and expertise from industry leaders through its Online News Website.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Top News

LATEST ARTICLES

BIZ NEWS